नई दिल्ली । मधुमेह की बीमारी में मरीजों को मीठा खाने से सख्त मनाही होती है, क्योंकि मीठी चीजें शुगर लेवल को तेजी से बढ़ा सकती हैं। प्रकृति में एक ऐसा मीठा ड्राई फ्रूट भी मौजूद है जिसका सेवन मधुमेह के मरीज सावधानी से कर सकते हैं। यह फल है अंजीर का, जो अपने अद्भुत पोषण गुणों के लिए जाना जाता है। यह एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जिसमें खनिज, विटामिन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। विशेष रूप से इसका घुलनशील फाइबर शरीर में इंसुलिन की गतिविधियों को तेज करता है और रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) को बेहतर ढंग से पचाने में मदद करता है। इसके अलावा, अंजीर में मौजूद पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज मेटाबॉलिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं, जिससे शुगर कंट्रोल करने में और सहायता मिलती है। इस वजह से, मधुमेह के मरीजों के लिए इस ड्राई फ्रूट का संतुलित सेवन अमृत समान हो सकता है। अंजीर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) कम होता है, जो लगभग 51 के आसपास है। कम जीआई वाले खाद्य पदार्थ रक्त शर्करा को धीरे-धीरे बढ़ाते हैं, जिससे मधुमेह के मरीजों के लिए इनका सेवन सुरक्षित माना जाता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इसका बेहिसाब सेवन किया जा सकता है।
दरअसल, इसका अत्यधिक सेवन डायबिटीज के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि इसमें प्राकृतिक शर्करा (फ्रुक्टोज) भी मौजूद होती है। ब्लड शुगर के मरीजों को एक दिन में ज़्यादा से ज़्यादा 2 से 3 अंजीर का ही सेवन करना चाहिए। साथ ही, अंजीर का सेवन भिगोकर ही करना चाहिए। 2-3 अंजीर को रात भर पानी में भिगोकर अगली सुबह खाली पेट खाने से इसके पोषक तत्व बेहतर तरीके से शरीर में अवशोषित होते हैं और शर्करा का रिलीज भी धीमा होता है, जिससे ब्लड शुगर पर अचानक बढ़त का जोखिम कम होता है। मधुमेह के अलावा, अंजीर कई अन्य समस्याओं में भी फायदेमंद है। यह हड्डियों को मजबूत बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंजीर कैल्शियम और पोटेशियम दोनों का एक उत्कृष्ट स्रोत है। ये दोनों खनिज हड्डियों के घनत्व को बेहतर बनाने के लिए एक साथ काम करते हैं, जो बदले में ऑस्टियोपोरोसिस जैसी स्थितियों को रोकने में मदद कर सकता है।
अध्ययनों से पता चलता है कि विशेष रूप से पोटेशियम युक्त आहार हड्डियों के स्वास्थ्य में सुधार कर सकता है और हड्डियों के टर्नओवर (हड्डी के ऊतकों का टूटना और फिर से बनना) को कम कर सकता है। अंजीर आपकी त्वचा के लिए भी लाभकारी सिद्ध हो सकता है। इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व और विटामिन, सीबम उत्पादन और त्वचा मेलेनिन को संतुलित करने में मदद करते हैं, जिससे एपिडर्मल पानी की कमी रुकती है और त्वचा हाइड्रेटेड रहती है। यह त्वचा को झुर्रियों और समय से पहले बूढ़ा होने से बचाने में सहायक होता है, जिससे आपकी त्वचा युवा और स्वस्थ दिखती है। इसके अतिरिक्त, अंजीर में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कब्ज जैसी समस्या से राहत दिलाता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


