ब्यूरो
दुमका। सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में नए झारखंड स्टेट यूनिवर्सिटीज एक्ट 2026 के लागू होते ही महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों का सिलसिला शुरू हो गया है। कुलपति प्रो. (डॉ.) कुनुल कंदीर ने विभिन्न निदेशालयों के सुचारू संचालन के लिए 13 शिक्षकों को निदेशक के पद पर नियुक्त किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 की धारा 22 से 38 का हवाला देते हुए सभी नियुक्तियां तीन वर्ष के लिए करने की बात कही गई है।
—–‘-
*चयन प्रक्रिया और मापदंडों पर विवाद*
निदेशकों की नियुक्ति के साथ ही विश्वविद्यालय के अंदर ही इन पदों के तय योग्यता व मापदंड के साथ चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर एक व्याख्याता ने आरोप लगाया है कि निदेशकों की नियुक्ति में तय मापदंडों की अनदेखी हुई है और तय मापदंडों की अर्हता रखने वाले योग्य शिक्षकों की अनदेखी की गई है।
व्याख्याता के मुताबिक, निदेशक बनने के लिए एसोसिएट प्रोफेसर स्तर की योग्यता तय की गई है लेकिन कई ऐसे शिक्षकों को निदेशक बना दिया गया है जो केवल सहायक प्राध्यापक की अर्हता रखते हैं। इस अनदेखी ने योग्य शिक्षकों को निदेशक बनने के अवसर से वंचित कर दिया है।
——-
*किन्हें मिली कौन सी जिम्मेदारी?*
विवादों के बीच जिन शिक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनकी सूची इस प्रकार है:
* *डॉ. अच्युत चेतन* (पीजी अंग्रेजी) – रिसर्च, इनोवेशन, इन्क्यूबेशन, इंडस्ट्री लिंकेज एंड एंटरप्रेन्योरशिप
* *डॉ. राजेश यादव* (पीजी भौतिकी) – आईटी एवं डिजिटल लर्निंग
* *डॉ. विनय कुमार सिन्हा* (पीजी हिंदी) – लाइफ लॉन्ग लर्निंग एंड एजुकेशन
* *डॉ. पूनम हेंब्रम* (पीजी जूलॉजी) – छात्र मामले
* *डॉ. पूनम बिंझिया* (एसपी कॉलेज) – एनएसएस
* *डॉ. एसटी खान* (पीजी उर्दू) – खेल एवं शारीरिक शिक्षा
* *डॉ. निलेश कुमार* (पीजी जूलॉजी) – आईक्यूएसी
* *डॉ. सुमित्रा हेंब्रम* (एसपी कॉलेज) – समावेशी शिक्षा
* *डॉ. सुजीत कुमार सोरेन* (पीजी समाजशास्त्र) – इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप एंड प्लेसमेंट
* *डॉ. राजीव रंजन सिन्हा* (पीजी भौतिकी) – जनसंपर्क एवं सामुदायिक आउटरीच
* *डॉ. अंजुला मुर्मू* (पीजी अंग्रेजी) – छात्र कला एवं संस्कृति
* *डॉ. राजीव केरकेट्टा* (पीजी अर्थशास्त्र) – संबद्ध महाविद्यालय
——-
*प्रबंधन का स्पष्टीकरण*
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस मामले में स्पष्ट किया है कि नियुक्त किए गए सभी 13 निदेशक अपने प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ अपने शैक्षणिक कार्यों में भी पूरी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त, सभी नवनियुक्त निदेशकों को अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया है।


