31वीं क्षेत्रीय परिषद बैठक से पहले हुई मुलाकात
चेन्नई । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को चेन्नई में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय से मुलाकात की। मई में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली आधिकारिक मुलाकात बताई गई है। यह बैठक दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों की 31वीं क्षेत्रीय परिषद बैठक से ठीक पहले हुई। बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा लंबे समय से लंबित अंतरराज्यीय मुद्दों के समाधान पर चर्चा होने की संभावना है।
अमित शाह ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा कीं। क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री करेंगे, जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री मेजबान राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर इसमें शामिल होंगे। बैठक में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना के मुख्यमंत्री तथा पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप के उपराज्यपाल एवं प्रशासक हिस्सा लेने की उम्मीद है।
बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच नदी जल बंटवारे से जुड़े विवाद प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। इनमें कर्नाटक-तमिलनाडु, तेलंगाना-आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु-केरल के बीच पानी के बंटवारे से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के प्रावधानों, क्षेत्रीय विकास और केंद्र की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। केंद्र के अनुसार, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध, विशेषकर बलात्कार के मामलों की त्वरित जांच और सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के कामकाज पर भी बैठक में चर्चा होगी। शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और नागरिक उड्डयन से जुड़े विषय भी एजेंडे में शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के तहत अंतर-राज्यीय परिषद सचिवालय 31वीं बैठक का आयोजन कर रहा है और तमिलनाडु सरकार इसकी मेजबानी कर रही है। इसमें मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के अलावा मुख्य सचिव, सलाहकार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे।


