कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का सिलसिला जारी है। बीरभूम के बाद अब मालदा जिले में पुलिस ने एक फ्लैट से दो करोड़ 40 लाख 97 हजार 380 रुपये नकद, करीब 20 ग्राम सोना और एक लैपटॉप बरामद किया है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक गोदाम से नौ हज़ार बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पिंटू सरकार, गोपाल चाकी और सुषांत हलदार के रूप में हुई है। तीनों मालदा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, रविवार रात मालदा थाना क्षेत्र के मंगलबाड़ी स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी की गई। बरामद नकदी की गिनती तीन नोट गिनने वाली मशीनों से सोमवार तड़के तक चली। इसी अभियान के दौरान खईहट्टा इलाके के एक गोदाम में भी तलाशी ली गई, जहां से नौ हज़ार बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि पिछले महीने दक्षिण दिनाजपुर के मेहेंद्रीपाड़ा क्षेत्र से लगभग एक हज़ार 500 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई थी। उसी मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मालदा के इस फ्लैट का पता चला। इसके बाद दक्षिण दिनाजपुर और मालदा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया है कि फ्लैट भवन के मालिक दिलीप साहा हैं, जबकि तीसरी मंजिल का फ्लैट पिंटू सरकार ने किराये पर लिया था। पुलिस के अनुसार, बरामद करोड़ों रुपये इसी फ्लैट से मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिंटू सरकार दवा के कारोबार से जुड़ा है, हालांकि प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी से उसका सीधा संबंध अभी जांच का विषय है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बीरभूम जिले में अनुव्रत मंडल के करीबी एक व्यवसायी के रिश्तेदार के घर से 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद होने के बाद राज्य में हड़कंप मच गया था। उस मामले की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि मालदा में करोड़ों रुपये की नई बरामदगी ने एक बार फिर अवैध कारोबार और धन के स्रोत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


