नई दिल्ली । सैमसंग अपने बहुप्रतीक्षित गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट अपनी नई फोल्डेबल स्मार्टफोन श्रृंखला से पर्दा उठा सकती है। जानकारी के अनुसार, सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 के साथ कई नए डिवाइस पेश किए जा सकते हैं। प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में इस लॉन्च को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि भविष्य में इसका मुकाबला ऐपल के संभावित फोल्डेबल आईफोन अल्ट्रा से हो सकता है। आधिकारिक लॉन्च से पहले ही सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 की कथित पहली झलक सामने आने से चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के एक सैमसंग एक्सपीरियंस स्टोर में एक नए फोल्डेबल स्मार्टफोन को प्रदर्शित किया गया, जिसे गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 बताया जा रहा है।
सामने आई तस्वीरों में यह डिवाइस सफेद रंग के फिनिश के साथ दिखाई देता है। इसके पिछले हिस्से पर डुअल रियर कैमरा सेटअप भी देखा गया है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इस मॉडल से जुड़ी किसी भी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिपोर्टों के अनुसार, इस बार सैमसंग अपनी फोल्डेबल श्रृंखला का विस्तार करते हुए दो के बजाय तीन स्मार्टफोन पेश कर सकती है। इनमें सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8, सैमसंग गैलेक्सी जेड फ्लिप 8 और सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 वाइड शामिल हो सकते हैं।
वहीं, टिप्स्टर आइस यूनिवर्स का दावा है कि नए फ्लिप मॉडल में पहले की तुलना में अधिक पतले बेज़ल देखने को मिल सकते हैं, जिससे डिस्प्ले अनुभव बेहतर होगा। दूसरी ओर, ऐपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लेकर भी अटकलों का दौर जारी है। विभिन्न लीक रिपोर्टों में इसे आईफोन अल्ट्रा नाम से जोड़ा जा रहा है। सोशल मीडिया पर ऐपल हब द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में कथित फोल्डेबल आईफोन का डिजाइन भी दिखाया गया है, हालांकि ऐपल ने अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों कंपनियां प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में आमने-सामने आती हैं तो इस क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और तेज हो जाएगी।


