संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी-तारापुर मुख्य सड़क पर गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर गांव निवासी 50 वर्षीय सेराजुल शेख के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने बेलपहाड़ी के समीप सड़क किनारे एक व्यक्ति को पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसका सिर पूरी तरह कुचला हुआ था। सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सेराजुल शेख स्थानीय व्यापारियों के 13 मवेशियों को पैदल हांककर हिरणपुर के साप्ताहिक हाट ले जा रहे थे। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी थे। रास्ते में बेलपाहड़ी क्रशर के पास सेराजुल ने साथियों से शौच जाने की बात कहकर उन्हें मवेशियों के साथ आगे बढ़ने को कहा और खुद पीछे रुक गए।काफी देर तक वापस नहीं आने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक क्षत-विक्षत शव देखा, जिसे किसी अज्ञात वाहन ने बुरी तरह कुचल दिया था। पुलिस के पहुंचने के बाद जब साथियों ने शव की पहचान की तो वह सेराजुल शेख निकले। घटना से उनके साथियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


