पेरिस । पेरिस से जारी प्रिक्स वर्साय अवार्ड्स ने साल 2026 के लिए दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट की सूची जारी की है। यह भारतीय एविएशन सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इस प्रतिष्ठित सूची में देश के दो एयरपोर्ट को स्थान मिला है। बीते महीने जून में घोषित किए, इन अवार्ड्स में दुनिया भर के कुल 7 एयरपोर्ट को शामिल किया है, जिन्हें उनके आधुनिक डिजाइन, स्थिरता, क्षेत्रीय पहचान और यात्रियों को प्रदान होने वाली बेहतरीन अनुभव के आधार पर चुना गया है।
1.चीन का ग्वांगझू इंटरनेशनल एयरपोर्ट
इस सूची में शीर्ष स्थान पर चीन का ग्वांगझू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का टर्मिनल 3 रहा। ग्वांगझू, जिसे चीन का फूलों का शहर कहा जाता है, उसके नए टर्मिनल को बादल, पानी और फूलों से प्रेरित घुमावदार आकृतियों, छतों, बगीचों और रोशनी से भरे खुले हिस्सों के साथ बनाया गया है। यह दुनिया की सबसे बड़ी परिवहन इमारतों में से एक है और इसकी खास बात चीन का सबसे ऊंचा खुला सार्वजनिक अवलोकन डेक है।
2. जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट का टर्मिनल
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट का टर्मिनल 3 अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा। इस टर्मिनल को सड़कों, प्लाजा और आस-पड़ोस के चौराहों की तरह डिजाइन किया गया है, जिसका ज्यादातर हिस्सा मॉड्यूलर है।
3. गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2
भारत के लिए गौरव की बात यह है कि असम की राजधानी गुवाहाटी में स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 ने दुनिया के तीसरे सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट के रूप में पहचान बनाई है। इसका नया टर्मिनल पूर्वोत्तर भारत में मिलने वाले नाजुक गुलाबी फूल बैम्बू ऑर्किड से प्रेरित है। हवाईअड्डे की वेबसाइट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में यहां से 65.7 लाख यात्रियों ने यात्रा की।
4.नवी मुंबई एयरपोर्ट का टर्मिनल 1
भारत का ही नवी मुंबई एयरपोर्ट का टर्मिनल 1 है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता शानदार छत है, जो तैरती हुई कमल की पंखुड़ियों जैसी दिखती है। यह डिज़ाइन प्राकृतिक रोशनी और हवा को अंदर आने देता है, जिससे इमारत की ऊर्जा खपत काफी कम हो जाती है।
5. कंबोडिया का टेको इंटरनेशनल एयरपोर्ट
सूची में पांचवें स्थान पर कंबोडिया का टेको इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जिसका विशाल और लहरदार कैनोपी टर्मिनल के बीच में महल या मंदिर की छत की तरह ऊपर उठता है।
6. पिट्सबर्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट
छठे नंबर पर अमेरिका के पिट्सबर्ग इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जगह मिली है, जिसकी छत पश्चिमी पेंसिल्वेनिया के जंगली इलाके से प्रेरित पहाड़ों की तरह लहरदार और मुड़ी हुई है। इसके 38 स्टील के खंबे शाखाओं की तरह फैलकर जंगल का माहौल बनाते हैं।
7.सैन डिएगो एयरपोर्ट का टर्मिनल 1
सातवें स्थान पर सैन डिएगो एयरपोर्ट का टर्मिनल 1 है, जिसकी खास बनावट 244 मीटर लंबी घुमावदार कांच की दीवार है। यह दीवार शहर की धूप को तो अंदर आने देती है, लेकिन डिपार्चर हॉल को गर्म होने से बचाती है। यह अमेरिका का सबसे व्यस्त सिंगल रनवे वाला एयरपोर्ट है।


