मुंबई । दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने वैश्विक स्तर पर करीब 4,800 कर्मचारियों की छंटनी घोषणा की है, जो उसके कुल कार्यबल का लगभग 2.1 प्रतिशत है। इस फैसले से कंपनी का वीडियो गेम कारोबार एक्सबॉक्स सबसे ज्यादा प्रभावित होगा, जहां लाभप्रदता में कमी और बढ़ते परिचालन दबाव को मुख्य कारण बताया गया है। कंपनी ने कहा कि एक्सबॉक्स इकाई में करीब 1,600 कर्मचारियों को पहले ही नौकरी से निकाला जा चुका है, जबकि चालू वित्त वर्ष में 1,600 और पदों को समाप्त किया जाएगा।
एक्सबॉक्स की एक अधिकारी ने एक आंतरिक संदेश में बताया कि कारोबार की मौजूदा स्थिति संतोषजनक नहीं है और इसके लाभ मार्जिन प्रतिस्पर्धी कंपनियों (जैसे सोनी प्लेस्टेशन और निनटेंडो स्विच) की तुलना में काफी कम हैं। उन्होंने गेमिंग कंसोल के पुर्जों की बढ़ती लागत को भी गेमिंग उद्योग पर दबाव का प्रमुख कारण बताया। कंपनी अब तक अधिग्रहीत चार वीडियो गेम डेवलपमेंट स्टूडियो को भी अलग कर रही है। माइक्रोसॉफ्ट की अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह छंटनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए की जा रही है और इन नौकरियों की जगह कृत्रिम मेधा (एआई) नहीं ले रही है। कुल 4,800 कर्मचारियों को कारोबार पुनर्गठन और परिचालन दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से हटाया जा रहा है।


