मुंबई । मुंबई पुलिस ने दक्षिणी मुंबई के लग्जरी होटल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश कर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी दो अभिनेत्रियों को रेस्क्यू किया है। इस कार्रवाई में रैकेट संचालित करने के आरोप में एक मेकअप आर्टिस्ट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की, जिसकी जांच अब गहनता से जारी है। गिरगांव इलाके के लग्जरी होटल में देह व्यापार का यह नेटवर्क एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (एएचटीसी) की टीम ने उजागर किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद उसकी पुष्टि के लिए एक डिकॉय ग्राहक को होटल भेजा गया। जब आरोपों की पुष्टि हो गई, तब पुलिस टीम ने तुरंत होटल पर छापा मारकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस की छापेमारी के दौरान होटल परिसर से जिन दो महिलाओं को बचाया गया, उनमें से एक मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री है। वहीं दूसरी महिला ने हिंदी और बंगाली फिल्मों में कैमियो व सहायक भूमिकाओं में काम किया है। दोनों महिलाओं को सुरक्षित निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। गिरफ्तार किए गए मेकअप आर्टिस्ट पर एजेंट के तौर पर पूरे रैकेट का संचालन करने का आरोप है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर ग्राहकों और महिलाओं के बीच संपर्क स्थापित करने का मुख्य सूत्रधार था। पुलिस अब उसके व्यापक नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह रैकेट कितने समय से संचालित हो रहा था और इसमें कितने लोग शामिल थे। इसके अलावा, होटल प्रबंधन की भूमिका की बारीकी से जांच हो रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच से नेटवर्क के बारे में और अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


