मुम्बई । निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने 1 जुलाई से पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की है। कंपनी का मानना है कि इससे आम लोगों को राहत मिलेगी। नायरा एनर्जी ने यह फैसला मध्य पूर्व में तनाव कम होने और कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति सामान्य होने के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए किया है। गौरतलब है कि देशभर में नायरा एनर्जी के 7000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर यह नई दरें लागू हो गई हैं। हालांकि, विभिन्न स्थानों पर लगने वाले स्थानीय करों (वैट) के कारण पेट्रोल और डीज़ल की अंतिम कीमतें थोड़ी अलग हो सकती हैं। जबकि नायरा एनर्जी ने दाम घटाकर उपभोक्ताओं को राहत दी है, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल), इंडियन ऑयल (आईओसी) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) जैसी सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने फिलहाल अपनी पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया है।
गौरतलब है कि नायरा ने ही कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने पर सबसे पहले पेट्रोल और डीज़ल के दाम बढ़ाए थे। उस समय पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया था। कंपनी का यह कदम तब आया था जब वैश्विक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया था।
अभी अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की खबरों के कारण वैश्विक कच्चे तेल बाजार में नरमी देखी जा रही है। आज 1 जुलाई को कच्चा तेल मामूली 0.33 फीसदी की उछाल के साथ 73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जो उच्च स्तरों से काफी कम है। इससे तेल कंपनियों पर कच्चे तेल की खरीद का दबाव काफी हद तक कम हो गया है।
गौरतलब है कि सरकारी तेल कंपनियों ने आखिरी बार 25 मई को कीमतों में बढ़ोतरी की थी, जिसमें पेट्रोल के दाम कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल के दाम 7.60 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए थे। इन बढ़ोतरी के बाद से आम जनता लगातार कीमतों में कटौती का इंतजार कर रही थी।
देश के विभिन्न शहरों में पेट्रोल और डीज़ल के दाम अलग-अलग हैं। चंडीगढ़ में पेट्रोल सबसे सस्ता 101.54 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि हैदराबाद में यह 115.69 रुपये प्रति लीटर के साथ सबसे महंगा है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और नोएडा में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध है। दूसरी ओर डीज़ल की बात करें तो चंडीगढ़ में इसकी कीमत 89.47 रुपये प्रति लीटर है, वहीं हैदराबाद में यह 103.82 रुपये प्रति लीटर के साथ सबसे महंगा है। नायरा एनर्जी द्वारा की गई यह कटौती उन क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगी जहां कंपनी के पेट्रोल पंप मौजूद हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


