नई दिल्ली । दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने चर्चित 200 करोड़ रुपये के कथित जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए सुकेश चंद्रशेखर, लीना मारिया पॉल, बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि आरोप तय करने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं।
कोर्ट ने सभी आरोपियों को 3 जून को अदालत में पेश होकर आरोपों पर औपचारिक हस्ताक्षर करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही बहुचर्चित मामले में ट्रायल का रास्ता साफ हो गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों के परिवार से कथित रूप से 200 करोड़ रुपये की उगाही और उससे जुड़े धन शोधन से संबंधित है।
प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जेल के भीतर से ही उगाही का नेटवर्क संचालित किया और अवैध धन का इस्तेमाल विभिन्न माध्यमों से किया। जांच में यह भी दावा किया गया कि जैकलीन फर्नांडिस को सुकेश की ओर से महंगे उपहार और अन्य लाभ मिले थे। हालांकि अभिनेत्री लगातार यह कहती रही हैं कि उन्हें धन के स्रोत की जानकारी नहीं थी।
इस मामले में हाल ही में जैकलीन फर्नांडिस ने अदालत में सरकारी गवाह बनने की इच्छा भी जताई थी और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने की बात कही थी। हालांकि प्रवर्तन निदेशालय ने उनकी इस मांग पर आपत्ति जताई थी। वर्ष 2021 में शुरू हुए इस मामले में अब अदालत द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद कानूनी कार्रवाई का नया चरण शुरू होने जा रहा है। मामले पर देशभर की नजर बनी हुई है, क्योंकि इसमें फिल्म जगत और कथित आर्थिक अपराधों का बड़ा गठजोड़ सामने आया है।


