डीसी कार्यालय तक निकाला मार्च, ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को लौटाने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी
देवघर। जिले में बिजली, पानी, नगर निगम क्षेत्र में फैली गंदगी और होमगार्ड बहाली सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने किया। भाजपा कार्यकर्ताओं का जुलूस स्थानीय शिवलोक परिसर से निकला और विभिन्न मार्गों से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। भीषण गर्मी के बावजूद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
डीसी कार्यालय पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुशासन का परिचय देते हुए प्रशासन के आग्रह पर केवल दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अंदर भेजने पर सहमति जताई। हालांकि भाजपा नेताओं का आरोप है कि काफी देर इंतजार कराने के बाद प्रशासन ने केवल दो लोगों से मिलने की बात कही, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल बिना ज्ञापन सौंपे वापस लौट आया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा मौजूद रहे। वहीं पूर्व सारठ विधायक रणधीर सिंह, पूर्व देवघर विधायक नारायण दास और रीता चौरसिया ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदर्शन को सफल बनाने में जिला महामंत्री अभय आनंद झा, सुनीता सिंह, पंकज भदौरिया, मुकेश पाठक, मनोज पप्पू यादव, विजया सिंह, सुलोचना देवी, अलका सोनी, विशाखा सिंह, दिवाकर गुप्ता, संजय यादव, जयकांत मंडल, संजय गुप्ता, विपिन देव, संतोष उपाध्याय, राहुल झा, सौरभ सुमन, सुनील यादव, जय कुमार मिश्रा, चंद्र नारायण दुबे, निर्मल मिश्रा, अमरजीत दुबे, मनीष सिंह, हरिओम शरण, सुमित रवानी, शांति देवी, दिगंबर पांडेय, अजय सिंह, मोहन मंडल, अशोक यादव, बिनीता पासवान, कुंदन झा और दीपक केशरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।


