संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । प्रखंड क्षेत्र में संचालित पचुवाड़ा नार्थ कोल ब्लॉक की आवंटी वेस्ट बंगाल पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड(डब्लूबीपीडीसीएल) एवं एमडीओ कोयला कंपनी बीजीआर माइनिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड के द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सीएसआर के तहत गुरुवार को मुख्य बाजार क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीसी मृत्युंजय कुमार बरनवाल मौजूद थे। डीसी ने कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया। डीसी मृत्युंजय कुमार बरनवाल, बीडीओ श्रीमान मरांडी, सीओ औसफ़ अहमद खां, डब्लूबीपीडीसीएल के जीएम रामाशीष चटर्जी, पीसीएमपीएल के वाइस प्रेसिडेंट गुर्रम वेंकेटनारायन, जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता का पौधा देकर स्वागत किया गया। वहीं डीसी ने प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों को केंद्र में दिए जाने वाले प्रशिक्षण की जानकारी ली। डब्लूबीपीडीसीएल के जीएम रामाशीष चटर्जी, पीसीएमपीएल के वाइस प्रेसीडेंट गुर्रम वेंकेटनारायन, पीआरओ संजय बेसरा ने डीसी को जानकारी देते हुए बताया कि कौशल विकास केंद्र में क्षेत्र शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को ड्राइविंग, महिलाओं को सिलाई और कंप्यूटर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। पीआरओ संजय बेसरा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से लोगों की यह मांग थी कि यहां स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत की जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजगार की दिशा में कदम बढ़ाने का एक मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र में अभी केवल सिलाई, कम्प्यूटर की शुरुआती शिक्षा और ड्राइविंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। आने वाले समय में इसमें और कई व्यावस्याय से जुड़े कार्यों की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि लोगों को प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसर मिल सके।
लोग दिखा रहे हैं रुचि :- कौशल
विकास केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए जी. वेंकेटनारायन ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि यहां स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत हो रही है। हमारे पास अभी तक इस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण लेने के लिए 309 लोगों ने निबंधन कराया है। जिसमें सबसे अधिक ड्राइविंग की ट्रेनिंग के लिए आवेदन आए हैं। शुरुआती दौर होने के कारण अभी यहां तीनों क्षेत्रों को मिलाकर 140 लोगों को दो शिफ्ट में ट्रेनिंग दी जाएगी। कुल तीन महीने का प्रशिक्षण सत्र होगा। इसके बाद फिर जिन लोगों ने निबंधन कराया है उन्हें भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए की जाए एल्डर्स क्लब की स्थापना :- बीडीओ
श्रीमान मरांडी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बीते महीने जब बीजीआर द्वारा सरकारी विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वीतरण किया गया था तभी मैंने यह प्रस्ताव दिया था कि प्रखंड में एक कौशल विकास केंद्र की स्थापना होनी चाहिए ताकि लोग इसमें प्रशिक्षित होकर रोजगार प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन के सहयोग से आज इसकी शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत प्रखंड के किसी बंद पड़े भवन में 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए एक एल्डर्स क्लब की स्थापना की जानी चाहिए और जहां बुजुर्ग व्यक्ति अपना खाली समय कैरमबोर्ड, लुडो, शतरंज, टीवी, समाचार पत्र, पत्रिकाएं, किताबें, योग, पार्क आदि की सुविधाओं का लाभ लेकर जिंदगी को जिंदादिली से जी सकें और अपना तनाव कम कर सकें।
प्रशिक्षण लेकर करें रोजगार :- डीसी
मृत्युंजय कुमार बरनवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास केंद्र में ना केवल आप प्रशिक्षण प्राप्त करें बल्कि प्रशिक्षण पाकर रोजगार करने की दिशा में प्रयासरत रहें। जबतक आप प्रशिक्षित होकर कोई व्यवसाय या व्यावसायिक कार्य नहीं करेंगे तबतक आप आगे नहीं बढ़ पाएंगे। आप ड्राइविंग की ट्रेनिंग लेकर 20 से 25 हजार तक महीना कमा सकते हैं, इसी प्रकार महिलाएं केवल महिलाओं के कपड़े ना सिलकर बल्कि पुरुष के भी कपड़े सिलने का हुनर सिख जाएं तो वह अपनी कमाई दोगुनी कर सकती हैं। आने वाले समय में इसे और विकसित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ग्रामीणों को कोई भी समस्या हो तो वे बीडीओ एवं सीओ को आवेदन दे सकते हैं। ताकि ग्रामीण विकास पर जोर दिया जा सके। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


