दुमका। शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुवार को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने विभाग के शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों में देश के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक, विचारक एवं भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए तथा भाषण, नृत्य एवं कविता पाठ आदि कर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं प्रेम का इजहार करते नजर आए। सभी विभागों में कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी एवं आदर्शों, आज के परिदृश्य में शिक्षक दिवस के महत्व एवं गुरु-शिष्य परंपरा आदि पर अपने विचार व्यक्त किए। विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य, मनोविज्ञान, बांग्ला, उर्दू, संस्कृत, भूगोल, समाजशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, रसायन शास्त्र, भौतिकी, वनस्पति विज्ञान, प्राणि विज्ञान, इतिहास, संताली, दर्शनशास्त्र, गणित, राजनीति विज्ञान आदि विभागों में शिक्षक दिवस धूम-धाम से मनाया गया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


