गोड्डा : जिले में डायन बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह वारदात देवदांड थाना क्षेत्र के डांगा टोला में हुई। ग्रामीणों को अहले सुबह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल जांच शुरू की। गोड्डा के एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, देवदांड थाना प्रभारी अमित मार्की और पौड़याहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला डायन बिसाही से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित की गई है, जो मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी 45 वर्षीय पत्नी मक्कू बास्की और उनके 12 वर्षीय बेटे जीतनारायण मुर्मू के रूप में हुई है। परिवार में उनकी एक विवाहित बेटी सुनीता मुर्मू भी हैं। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।


