सड़क दुर्घटना के बाद घटनास्थल पल उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा- साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड में चिप्स लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार उधवा कचहरी पुल से पियारपुर बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर स्टोन चिप्स लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई.यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ. जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर संख्या जेएच 17 एडी 3732 चिप्स लादकर उधवा पुल से पियारपुर की ओर जा रहा था. उसी दौरान कटहलबाड़ी बाजार निवासी 35 वर्षीय अनसारूल मोमिन अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस संख्या जेएच 18 जे 2022 बाइक से उधवा चौक की ओर जा रहे थे. इसी बीच अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में बाइक सवार अनसारूल मोमिन को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मृतक अनसारूल मोमिन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिवानंद प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन चलते हैं. जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है.


