जरमुंडी, प्रतिनिधि तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपहाड़ी में बीती रात स्वर्ण व्यवसायी श्यामसुंदर साह के घर आठ – की संख्या में घुस आए सशस्त्र अपराधियों के द्वारा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया। सहारा बाजार में सोने चांदी की दुकान संचालित करने वाले श्यामसुंदर साह ने बताया कि 21 फरवरी की रात्रि लगभग 2:30 बजे घर में 8 से 10 की संख्या में सशस्त्र अपराधियों ने प्रवेश कर सुनियोजित तरीके से डकैती की घटना को अंजाम दिया।
अपराधियों ने श्याम सुंदर साह की घरवालों के साथ मारपीट की, उन्हें पिस्टल के बट से मारकर जख्मी भी कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित की पत्नी को कहा कि अगर पति को नहीं उठाया तो हत्या कर दी जाएगी। घर में दुकान से लाकर रखा दो किलो चांदी, 30 ग्राम सोना सहित कुल आठ लाख रुपए मूल्य की संपत्ति लुट ली। घटना को अंजाम देकर अपराधी बेखौफ निकल भागे। घर वालों ने 112 नम्बर पर डायल कर मामले की सूचना दी। थोड़ी देर में तालझारी थाना के पुलिस पदाधिकारी टेकवानंद भगत दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित श्याम सुंदर साह ने बताया कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर मुखबिरों की मदद से रात में ही कई जगहों पर छापेमारी की एवं तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। संदिग्ध की पहचान के लिए पीड़ित परिवार को बुलाया गया। जिसमें घरवालों द्वारा दो व्यक्ति की पहचान किए जाने की बात कही गई है । पीड़ित परिवार ने दुमका पुलिस अधीक्षक से अपराधियों के पूरे गिरोह को जल्द से जल्द पकड़ने एवं लूटे गए सामग्री को बरामद करने की मांग की है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार भी लगाई है। वहीं तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक ने किसी भी संदिग्ध की हिरासत में लिए जाने की बात से इनकार करते हुए कहा कि यथाशीघ्र मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

