नकदी और जरूरी कागजात जलकर राख
देवघर । सोनारायठाढी थाना क्षेत्र के दोंदिया पंचायत अंतर्गत केंदखपरा गांव में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से एक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। केंदखपरा निवासी कुंती देवी के घर में हुए इस हादसे में मकान की छत और दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि घर में रखी नकदी राशि और आवश्यक कागजात जलकर खाक हो गए। घटना के समय अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आपसी सहयोग से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी, दोंदिया पंचायत के मुखिया जयकांत यादव सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने सहायता की मांग की है, वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मुआवजे की अपेक्षा जताई।


