●अध्यक्ष पद के दोनों पुराने प्रतिद्वंद्वी अमिता रक्षित और श्वेता झा के पति मिक्की झा ने किया चुनाव लड़ने का ऐलान
●दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष का पद अनारक्षित होने के कारण कई नए चेहरे भी मैदान में होंगे
सुमन सिंह
दुमका । नगर निकाय चुनाव की घोषणा होते ही दुमका शहर में हलचल तेज हो गई है।दुमका नगर परिषद का अध्यक्ष पद अनारक्षित होने के कारण इस चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने वाली है।पिछले तीन चुनावों में अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित था।दो टर्म अमिता रक्षित और एक टर्म श्वेता झा अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। झारखंड गठन के बाद हुए सभी तीन नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर मुख्य टक्कर अमिता रक्षित और श्वेता झा के बीच ही हुई थी।2026 के चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष श्वेता झा खुद चुनाव नहीं लड़ेंगी।श्वेता झा के पति अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।मिक्की झा ने कहा कि श्वेता झा के कार्यकाल में दुमका शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए कई कार्य किए गए हैं।शहर में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर करने के साथ ही दुमका नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त करने के एजेंडा के साथ मैं अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहा हूं।
इधर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अमिता रक्षित ने खुद को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित करते हुए कहा कि स्वच्छ और भयमुक्त दुमका बनाने संकल्प के साथ मैं एक दुमका की जनता के बीच हूं।दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए दोनों पुराने प्रतिद्वंद्वी अमिता रक्षित और मिक्की झा के साथ ही कई नए संभावित चेहरे भी चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
———————————————————————————–
किसी दल विशेष का समर्थन लेने से परहेज!
दुमका।दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद के दोनों चिरप्रतिद्वन्दी अमिता रक्षित और श्वेता झा के पति मिक्की झा किसी खास दल से समर्थन लेने से परहेज कर रहे हैं।2018 का नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर हुआ था।इसके बावजूद मिक्की झा की पत्नी श्वेता झा निर्दलीय चुनाव लड़ कर जीती थीं।इस बार चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है।अमिता रक्षित पिछला चुनाव भाजपा के सिंबल पर लड़ी थीं।इस चुनाव में भाजपा से समर्थन के सवाल पर अमिता रक्षित ने कहा कि मैं भाजपा के प्रदेश कमेटी में हैं पर नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है।अमिता रक्षित ने दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने का समर्थन करते हुए कहा कि मेरा प्रयास है कि सभी दल के लोगों का समर्थन मुझे मिले।


