नई दिल्ली । शक्सगाम घाटी में जो कुछ अभी हो रहा है, इसके पीछे चीन का भारत के साथ किया गया वह ऐतिहासिक धोखा है, जो भारत के लिए खतरनाक नासूर बना हुआ है। शक्सगाम घाटी के दर्द की कहानी 1963 में शुरू हुई, जो अब इतना बड़ा जख्म बन चुका है, जिसके ठोस इलाज की जरूरत आ चुकी है।
दरअसल चीन का दावा है कि शक्सगाम घाटी उसकी है, क्योंकि यह घाटी चीन-पाकिस्तान सीमा समझौता, 1963 के तहत मिली है। लेकिन, विस्तारवादी चीन का यह दावा पूरी तरह से अवैध है। क्योंकि, ऐतिहासिक और कानूनी तथ्य यह है कि जब शक्सगाम घाटी पाकिस्तान की है ही नहीं, तब वह इस घाटी को चीन को तोहफे में अवैध तरीके से सौंप कैसे सकता है?
शक्सगाम घाटी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के हुनजा-गिलगित क्षेत्र का हिस्सा है। काराकोरम रेंज में स्थित शक्सगाम घाटी करीब 20,000 की ऊंचाई पर स्थित है। शक्सगाम घाटी के उत्तर में चीन (तिब्बत) का झिंजियांग प्रांत है। शक्सगाम घाटी पीओके का उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र है। इसके पूरब में सियाचिन ग्लेशियर है। इस हिसाब से इसपर कानूनी रूप से भारत का दावा है। लेकिन, पाकिस्तान ने पहले इसपर 1948 में अवैध कब्जा कर फिर 1963 में चीन को दे दिया।
1963 का समझौता क्या है
1963 में पाकिस्तान ने चीन के साथ सीमा (पीओके) विवाद सुलझाने के लिए समझौता किया। इसके तहत पाकिस्तान ने शक्सगाम घाटी का इलाका चीन को सौंप दिया। दोनों देश चीन-पाकिस्तान सीमा समझौता, 1963 बताते हैं। मतलब, जब शक्सगाम घाटी पहले ही पाकिस्तान के अवैध कब्जे में थी, तब जिन्ना के देश को चीन को सौंपने का अधिकार कैसे मिल गया? क्योंकि, कानूनी तौर पर तब जम्मू और कश्मीर राज्य और अब केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में होने की वजह से यह भारत का अखंड भू-भाग है। इसकारण भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मामले पर कहा है, चीन और पाकिस्तान का जो संयुक्त बयान है, वह गैरकानूनी है।
पाकिस्तान जब चीन को शक्सगाम घाटी सौंपने के लिए अवैध समझौते पर हस्ताक्षर कर रहा था, तब पाकिस्तान को मालूम था कि ऐसा करने का कोई कानून अधिकार नहीं है। क्योंकि, चीन-पाकिस्तान सीमा समझौता, 1963 के आर्टिकल 6 के प्रावधान से ही साफ हो जाता है। इसमें यह व्यवस्था है, दोनों पार्टियां इस बात पर सहमत हैं कि पाकिस्तान और भारत के बीच कश्मीर विवाद सुलझने के बाद, संबंधित संप्रभु राष्ट्र पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की सरकार के साथ, इस समझौते के आर्टिकल दो में बताई गई सीमा पर बातचीत फिर से शुरू करेगी, जिससे इस समझौते की जगह एक औपचारिक सीमा संधि पर दस्तखत हो सके।
चीन दिखाने लगा है विस्तारवादी मंसूबा
मतलब, जब चीन और पाकिस्तान 1963 का सीमा समझौता कर रहे थे, तब दोनों को मालूम था कि पाकिस्तान का इस क्षेत्र पर वैधानिक अधिकार नहीं है। लेकिन, इसी को आधार बनाकर 1970 के दशक में दोनों ने मिलकर काराकोरम हाइवे की शुरुआत कर दी, और चीन ने अब इसपर अपना रुख और सख्त कर लिया है और वैधानिक दावा जताने लगा है, जबकि चीन को मालूम है कि पाकिस्तान के साथ उसकी संधि ही उसके दावे को कमजोर करती है।






