प्रशासकों के भरोसे नगर सरकार; बुनियादी सुविधाओं का अकाल और भ्रष्टाचार का बोलबाला: सुनील सोरेन
दुमका। झारखंड में लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को दुमका के पुराना समाहरणालय परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद सुनील सोरेन एवं कार्यक्रम प्रभारी निवास मंडल मौजूद रहे। धरने का संचालन नगर अध्यक्ष मृणाल मिश्रा ने किया।
धरना-प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य पिछले दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को अविलंब कराने, चुनाव दलीय आधार पर संपन्न कराने तथा ईवीएम से मतदान सुनिश्चित करने की मांग करना था। पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि चुनाव नहीं कराकर हेमंत सोरेन सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। नगर निकाय प्रशासकों के भरोसे चल रहे हैं, जिससे आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है और भ्रष्टाचार बढ़ा है। कार्यक्रम प्रभारी निवास मंडल ने आरोप लगाया कि सरकार संभावित हार के डर से चुनाव टाल रही है। उन्होंने हंसडीहा थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय पांडेय के साथ कथित मारपीट की निंदा करते हुए दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने कहा कि चुनाव नहीं होने से केंद्र सरकार के विकास अनुदान का नुकसान राज्य को हो रहा है।धरना के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की। धरना में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


