नई दिल्ली । हाल ही में हुई बांग्लादेश की हिंसक घटनाओं ने भारत के सीमावर्ती राज्यों पश्चिम बंगाल और असम की राजनीति में भी बेचैनी बढ़ा दी है। सवाल उठने लगा है कि बांग्लादेश की हिंसा का असर पश्चिम बंगाल और असम की आगामी विधानसभा राजनीति पर कितना और कैसा पड़ेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों राज्यों की बांग्लादेश से लंबी सीमा जुड़ी होने के कारण वहां की किसी भी उथल-पुथल का सीधा प्रभाव सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर पड़ता है। असम और बंगाल में पहले से ही अवैध घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव का मुद्दा संवेदनशील रहा है। ऐसे में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा इन मुद्दों को फिर से केंद्र में ले आई है। असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा घुसपैठियों की पहचान और उन्हें बाहर निकालने के अभियान को तेज कर रहे हैं। वहीं पश्चिम बंगाल में बीजेपी इस मुद्दे को “हिंदुओं के अस्तित्व के संकट” और “आज का बांग्लादेश, कल का बंगाल” जैसे नारों से जोड़कर पेश कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि ममता बनर्जी की सरकार इस मसले पर संतुलन बनाने की चुनौती से जूझ रही है। बांग्लादेश की स्थिति ने सीएए और एनआरसी की बहस को भी नई धार दी है।
बांग्लादेशी हिंदुओं पर अत्याचार की खबरों से शरणार्थी समूहों में सीएए के समर्थन के संकेत मिल रहे हैं, जबकि असम में स्थानीय अस्मिता और नागरिकता का मुद्दा फिर चर्चा में है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह ध्रुवीकरण अल्पकालिक चुनावी लाभ दे सकता है, लेकिन दीर्घकाल में सामाजिक सौहार्द और विकास से जुड़े मुद्दों को नुकसान पहुंचा सकता है। सीमावर्ती इलाकों में शांति, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे सवाल पीछे छूटने का खतरा है। कुल मिलाकर, बांग्लादेश की हिंसा ने बंगाल और असम की राजनीति में भावनात्मक और पहचान आधारित बहस को तेज कर दिया है। आने वाले चुनावों में यह मुद्दा कितना निर्णायक होगा, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि इसका असर केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के ताने-बाने पर भी पड़ेगा।
बता दें कि बांग्लादेश में 2024 में हुए हिंसक आंदोलन के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी और देश से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद कट्टरपंथी समूहों के निशाने पर अल्पसंख्यक, विशेषकर हिंदू समुदाय, आ गए। इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद हालात और बिगड़े, वहीं एक हिंदू युवक की हत्या की घटना ने भारत में भी विरोध-प्रदर्शन को हवा दी। इन घटनाओं के विरोध में दिल्ली से कोलकाता तक बांग्लादेशी दूतावासों के बाहर हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किए।






