नई दिल्ली । उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर कर निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की जगह विशेष पुनरीक्षण के आदेश को चुनौती दी गई है। यह याचिका गौहाटी हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मृणाल कुमार चौधरी ने दायर की है।
याचिका में कहा गया है कि निर्वाचन आयोग ने 17 नवंबर को अपने आदेश में असम में विशेष पुनरीक्षण का आदेश दिया है, जबकि पूरे देश में विशेष गहन पुनरीक्षण का आदेश दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, अंडमान एवं निकोबार, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण का आदेश दिया है। याचिका में कहा गया है कि निर्वाचन आयोग का ये आदेश मनमाना और भेदभावपूर्ण है।
याचिका में कहा गया है कि निर्वाचन आयोग ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के मामले में उच्चतम न्यायालय में जो हलफनामा दाखिल किया है, उसके विपरीत उसका आदेश है। याचिका में पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री इंद्रजीत गुप्ता और असम के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिन्हा के बयानों का जिक्र किया गया है, जिसमें कहा गया था कि असम में 1997 तक करीब 40 से 50 लाख अवैध आप्रवासी हैं। याचिका में कहा गया है कि असम में लाखों अवैध आप्रवासी रह रहे हैं, जिन्हें मतदाता सूची से बाहर करना जरूरी है। ऐसे में असम में जब तक विशेष गहन पुनरीक्षण नहीं होता तब तक अवैध आप्रवासी मतदाता सूची में शामिल रहेंगे। याचिका में मांग की गई है कि निर्वाचन आयोग को असम में विशेष गहन पुनरीक्षण का आदेश जारी किया जाए।






