नई दिल्ली । दिल्ली ब्लास्ट की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है, इसी बीच जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ है। इस ऑडियो में अजहर आतंकवादियों को उकसाने की कोशिश करते हुए खुद को दुनिया का सबसे अमीर आदमी बताता है। वह दावा करता है कि उसके पास एलन मस्क और मार्क ज़ुकरबर्ग से भी ज्यादा पैसा है और जेहाद के नाम पर उसने जो भी मांगा, वह उसे मिला है।
वायरल हुए इस ऑडियो में अजहर कहता सुना जा सकता है, कि हमारे पास इतना पैसा है कि तुम गिन नहीं सकते… हमने इसे एक बैंक में जमा कराया है, जिसका नाम है अल्लाह का बैंक। सुरक्षा एजेंसियों के सूत्र मानते हैं कि इस तरह की भाषा उसके आतंकी नेटवर्क को मजबूत रखने और युवाओं को गुमराह कर संगठन से जोड़ने की एक कोशिश है। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान में लगातार हाशिए पर जा रहे जैश को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशें चल रही हैं। मसूद अजहर हाल ही में कई जगह रैलियां कर रहा है और ऑडियो-वीडियो संदेशों के जरिए नई भर्ती बढ़ाने की कोशिश में है। ऐसे में विषय विशेषज्ञों का कहना है कि यह बयान उसकी निराशा और हताशा दिखाता है, क्योंकि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी कई साजिशों को समय रहते नाकाम कर दिया है।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर की सरपरस्ती में अब आतंकियों को फिर सक्रिय करने का प्रयास हो रहा है, लेकिन भारतीय एजेंसियां लगातार उनकी हर योजना को नाकाम कर रही हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि मसूद अजहर के इस ऑडियो को हल्के में नहीं लिया जा सकता। यह संकेत है कि जैश भारत के खिलाफ नई साजिशों को हवा देने की कोशिश कर रहा है।
दिल्ली ब्लास्ट के सूत्र भी जैश से जुड़े
लाल किला के पास 10 नवंबर को हुए आई20 कार ब्लास्ट की जांच में यह साफ हो चुका है कि सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर मोहम्मद जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि उसके नेटवर्क में अल-फलाह यूनिवर्सिटी और कई राज्यों के डॉक्टर शामिल थे, जिन्हें जैश का एक कमांडर ऑपरेट करता था। जांच में सामने आया है कि देश भर में सिलसिलेवार धमाकों की बड़ी साजिश तैयार की जा रही थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से भारी मात्रा में विस्फोटक पहले ही बरामद कर लिए गए। इसी दहशत में भाग रहे उमर की कार में रखा बम लाल किले के पास फट गया।






