उद्योग जगत ने माना, ‘मेड इन इंडिया’ और जीएसटी सुधारों का दिखा सीधा असर
नई दिल्ली । इस साल देश में दीपावली के त्योहारी मौसम में व्यापार ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के सर्वेक्षण के अनुसार, दीपावली के दौरान कुल 6.05 लाख करोड़ रुपये का व्यापार दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यह वृद्धि बढ़ते उपभोक्ता विश्वास और स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग का प्रतीक है। ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष हरवंश चावला ने बताया कि ‘मेड इन इंडिया’ नारे ने देश के बाजारों में मजबूती लाई है। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सुधारों और प्रेरणादायक नेतृत्व का नतीजा है, जो आने वाले महीनों में और अधिक असर दिखाएगा। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रमुख अधिकारी ने जीएसटी सुधारों को दीपावली के व्यापार बढ़ने का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने प्रेरित किया, जिसके चलते लगभग 80 प्रतिशत बिक्री भारतीय उत्पादों की रही।






