हरिद्वार । दीपावली की रात एक शख्स ने पटाखे फोड़ रहे बच्चों को मना किया। नहीं माने तो गुस्से में आकर उसने तेजाब (कोई ज्वलनशील) पदार्थ बच्चों के ऊपर फेक दिया। पांच बच्चे इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए जिनमें से एक की हालत गंभीर है। मामला भिक्कमपुर जीतपुर गांव का है। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर पिटाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे गांव के 14 से 15 वर्ष के लगभग दस-पंद्रह बच्चे दीपावली की आतिशबाजी कर रहे थे। उसी दौरान पास में रहने वाले गोवर्धन उर्फ दिलेराम पुत्र मुकुंदाराम ने उन्हें पटाखे चलाने से मना किया। बताया जा रहा है कि बच्चों के न मानने पर आरोपी ने गुस्से में आकर अपने घर की छत से एक केन में भरा ज्वलनशील पदार्थ नीचे फेंक दिया, जो बच्चों पर गिर गया। अचानक आग लगने जैसी स्थिति से अफरातफरी मच गई। राहुल व दीपक पुत्रगण शेर सिंह, सौरभ पुत्र बहादुर, पंकज पुत्र बालेश और विशाल पुत्र लाहौर सिंह झुलस गए। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और झुलसे बच्चों को नजदीकी डॉक्टर के पास ले जाया गया। डॉक्टरों ने चार बच्चों की प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया, जबकि करीब 50 प्रतिशत झुलसे सौरभ (15 वर्ष) को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।






