शराब के नशे में जंगल में कहासुनी में की हत्या; तीन गिरफ्तार, तीन फरार
हरदोई । उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के बरी गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 26 वर्षीय उमेश यादव की हत्या उसी के दोस्तों ने कर दी। बताया जा रहा है कि उमेश 26 सितंबर को भैंस चराने के लिए जंगल गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव जंगल में मिला। शुरुआत में परिवार को लगा कि मौत ज्यादा शराब पीने की वजह से हुई है, क्योंकि शरीर पर कोई बाहरी चोट नजर नहीं आ रही थी। हालांकि, जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, तो रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि उमेश की मौत सिर पर भारी वार से हुई है, यानी यह एक सुनियोजित हत्या थी। मृतक के परिवार ने 10 अक्टूबर को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने उमेश के तीन दोस्तों सतीश उर्फ सिपाही, रमेश और प्रदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि शराब के नशे में उमेश से बहस हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में छोड़कर भाग गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हत्या में तीन और लोग शेरा, ओमप्रकाश और कुलदीप शामिल थे। ये तीनों अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। सीओ शाहाबाद ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






