अमेठी के टिकरा गांव में करवा चौथ के दिन हुई अनोखी घटना
अमेठी । अमेठी जिले के टिकरा गांव में करवा चौथ के दिन एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना दिया। जहां एक ओर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रहीं थीं, वहीं एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ खुद विदा कर दिया। पति ने बताया कि उनकी शादी चार साल पहले हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद पत्नी का झुकाव पड़ोस के एक युवक की ओर हो गया। उसने आरोप लगाया कि पत्नी ने उससे दूरी बना ली और छुपकर प्रेमी से मिलने लगी। रिश्ते को बचाने की तमाम कोशिशें असफल रहीं और झगड़े बढ़ते गए। आखिरकार, करवा चौथ के दिन उसने पत्नी को प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी। वहीं, पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच सालों से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थी। उसका पति नशे का आदी था और उसे भी शराब बनाने के लिए मजबूर करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह तीन साल से अपने प्रेमी के साथ संबंध में है और अब उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। मामले की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों से बातचीत की। अंततः पति ने शांतिपूर्वक पत्नी को विदा किया।






