रांची । सारंडा को सेंचुरी घोषित करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में आठ अक्टूबर यानी कल सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और न्यायाधीश के विनोद चंद्रन की पीठ में इस मामले की सुनवाई होगी। मुख्य सचिव को कोर्ट में हाजिर रहना है। सारंडा के 31468.25 हेक्टेयर क्षेत्रफल को सेंचुरी घोषित करने का आदेश दिया था। लेकिन 57519.41 हेक्टोयर को सेंचुरी घोषित करने का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा।

एनजीटी के आदेश पर कार्रवाई नहीं करने की वजह से यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की सुस्ती पर नाराजगी जताने और वन सचिव को कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश दिया। इसके बाद वन सचिव कोर्ट में हाजिर हुए और बिना शर्त माफी मांगी थी। कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए दो महीने के अंदर सेंचुरी घोषित करने का आदेश दिया।
17 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान इस आदेश का अनुपालन नहीं होने की जानकारी मिलने पर कोर्ट ने नाराजगी जतायी और इसे अवमानना माना। मुख्य सचिव से जवाब तलब किया गया और आठ अक्टूबर को कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश दिया। कोर्ट ने अपने आदेश में यह कहा था कि अगर इससे पहले तक सेंचुरी घोषित कर दिया जाता है तो मुख्य सचिव को सशरीर हाजिर होने से मुक्त कर दिया जायेगा।



