कटक । ओडिशा के कटक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीत हिंसक झड़प हो गई। प्रशासन ने हालात को काबू पाने पूरे शहर में कर्फ़्यू लगा दिया है। यह कर्फ्यू मंगलवार सुबह 10 बजे तक जारी रहेगा। इसके साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी 36 घंटे के लिए बंद कर दी हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह कर्फ्यू रविवार रात 10 बजे से लागू होकर मंगलवार सुबह तक जारी रहेगा जिन थाना क्षेत्रों में धारा 144 लगी है, उनमें दरगाह बाजार, मंगलबाग, कैंटोनमेंट, पुरीघाट, लालबाग, बिदनासी, मार्कट नगर, सीडीए फेज-2, मालगोदाम, बादामबाड़ी, जगतपुर, 42 मौजा और सदर थाना क्षेत्र शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक यह हिंसा रविवार रात 2 बजे के आसपास दरगाह बाजार के हाथी पोखरी इलाके में उस समय भड़क उठी, जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस कथाजोड़ी नदी तट के देबिगड़ा घाट जा रहा था। पुलिस के मुताबिक तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ लोगों ने छतों से जुलूस पर पत्थर और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों में कटक के डीसीपी भी शामिल हैं।
पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई गाड़ियां और सड़क किनारे की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। विसर्जन गतिविधियां करीब तीन घंटे तक रुकी रहीं, बाद में कड़ी सुरक्षा में सुबह 9.30 बजे तक सभी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। यह तनाव उस समय और बढ़ गया जब एक संगठन ने शहर में बाइक रैली निकालने की अनुमति मांगी, जिसे पुलिस ने अस्वीकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि अनुमति न मिलने पर कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने पुलिस ने बल प्रयोग किया।
रिपोर्ट के मुताबिक गृह विभाग ने रविवार शाम से सोमवार शाम तक पूरे कटक शहर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, स्नैपचैट, मोबाइल इंटरनेट, ब्रॉडबैंड व डायल-अप कनेक्शन समेत सभी डेटा सेवाएं बंद कर दी गई हैं ‘इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ संदेश फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया।
गौरी शंकर पार्क के पास उपद्रवियों ने 8-10 जगहों पर आगजनी की। सहायक फायर ऑफिसर ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने आग बुझा दी, लेकिन उपद्रवी पत्थर फेंकते रहे। स्थिति पर नजर रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और सीसीटीवी व ड्रोन फुटेज की मदद से बाकी की तलाश जारी है। विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार सुबह 6 से शाम 6 बजे तक 12 घंटे का बंद बुलाया है। संगठन ने प्रशासन पर ‘कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम’ होने का आरोप लगाया और डीसीपी व कलेक्टर के तबादले की मांग की। उधर पंडाल कमेटियों के सदस्यों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बीजू जनता दल ने हिंसा की निंदा की और इसे ‘शहर की साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश’ बताया। सीएम मोहन चरण माझी ने घायलों को मुफ्त इलाज देने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने हिंसा पर दुख जताया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कटक शहर भाईचारे की मिसाल रहा है, लेकिन कुछ शरारती तत्वों के कारण शांति भंग हुई। सरकार ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करेगी।
उधर बीजेडी सांसद सुलता देव ने कहा कि कटक भाईचारे का शहर है, यहां हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई सभी शांति से रहते आए हैं। हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम रही है और अपराध बढ़े हैं। कटक-भुवनेश्वर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सुधार के संकेत दिख रहे हैं। लोग घरों से निकलने लगे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। कटक शहर के हालात पर पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर है।






