नई दिल्ली । दिल का दौरा, स्ट्रोक या हार्ट फेलियर अचानक और बिना किसी चेतावनी के होते है, ये आम धारणा बनी है। ताजा शोध ने इस धारणा को बदल दिया है। ताजा शोध ने इस धारणा को पूरी तरह गलत साबित किया है। अध्ययन में सामने आया कि जिन लोगों को हार्ट अटैक, स्ट्रोक या हार्ट फेलियर जैसी बीमारियां हुईं, उनमें से लगभग सभी में पहले से एक या अधिक जोखिम कारक मौजूद थे। इन चार मुख्य जोखिम कारकों में हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप), हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड शुगर और तंबाकू का सेवन शामिल थे। विशेष रूप से, हाई ब्लड प्रेशर सबसे आम जोखिम कारक पाया गया। कोरिया में 95 प्रतिशत से अधिक और अमेरिका में 93 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों में दिल की बीमारी से पहले ब्लड प्रेशर सामान्य से ऊपर था। हैरानी की बात यह है कि युवा महिलाओं, जिन्हें आम तौर पर दिल की बीमारी का कम खतरा माना जाता है, उनमें भी 95 प्रतिशत से अधिक मामलों में कोई न कोई जोखिम कारक मौजूद था। स्टडी के सीनियर लेखक डॉ. फिलिप ग्रीनलैंड ने कहा, यह रिसर्च इस बात का सबूत है कि दिल की बीमारियां अचानक नहीं होतीं, बल्कि इनके पीछे पहले से मौजूद कारण होते हैं। अब समय आ गया है कि हम उन कारणों पर ध्यान दें जिन्हें बदला जा सकता है, जैसे कि हाई बीपी, शुगर कंट्रोल, स्मोकिंग छोड़ना और कोलेस्ट्रॉल को सामान्य बनाए रखना।
अध्ययन में एक सेकेंडरी एनालिसिस भी किया गया, जिसमें डॉक्टरों द्वारा तय की गई गंभीर सीमा को आधार बनाया गया। इसमें ब्लड प्रेशर 140/90 से ऊपर, कोलेस्ट्रॉल 240 से ज्यादा, ब्लड शुगर 126 से ऊपर और स्मोकिंग करना शामिल था। इस विश्लेषण में भी पाया गया कि 90 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों में पहला हार्ट अटैक या स्ट्रोक आने से पहले ये गंभीर स्तर के जोखिम कारक मौजूद थे। इस स्टडी से साफ़ संदेश मिलता है कि दिल की बीमारियों को समय रहते पहचानना और जोखिम कारकों को नियंत्रित करना जीवन रक्षक साबित हो सकता है। बता दें कि इस अध्ययन में वैज्ञानिकों ने करीब 93 लाख कोरियाई और 7,000 से अधिक अमेरिकी लोगों के स्वास्थ्य डेटा का विश्लेषण किया और इन्हें लगभग 20 सालों तक फॉलो किया।






