ग्वालियर । ग्वालियर का सिंधिया राज- परिवार राजीनामा की राह पर चल पड़ा है। कई दशकों से सिंधिया परिवार के बीच में 40000 करोड रुपए की संपत्ति को लेकर विवाद विभिन्न कोर्ट में चल रहे हैं।
यह विवाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा उनकी दो बुआ जिसमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया तथा मध्य प्रदेश शासन की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के बीच पिछले 15 साल से संपत्ति का विवाद न्यायालय में चल रहा है।
यह मामला हाई कोर्ट के पास विचाराधीन है। दोनों पक्षों के वकीलों ने 15 साल लड़ने के बाद अब समझौता कराने का मन बनाया है। दोनों पक्षों के बीच में सहमति हुई है। 90 दिनों के अंदर वह समझौते के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। यदि कोई राह नहीं निकली,तो याचिका पर फिर सुनवाई हाईकोर्ट में शुरू हो जाएगी।

40000 करोड़ की संपत्ति
सिंधिया परिवार के पास देश की सबसे बड़ी संपत्ति है। ग्वालियर में 12.40 लाख वर्ग फीट में बना जय विलास पैलेस है। जिसकी कीमत ही 10000 करोड रुपए है। इसके अलावा शिवपुरी में माधव विलास पैलेस, हैप्पी विलास और जार्ज कैसल जैसी कई संपत्तियां हैं। उज्जैन मैं कालिया देह पैलेस दिल्ली में ग्वालियर हाउस पुणे में पदम विलास पैलेस, वाराणसी में सिंधिया घाट, गोवा में विठोवा मंदिर और अन्य कई संपत्तियां हैं। जिनको लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया और दोनों बुआ के बीच में बंटवारे को लेकर विवाद चल रहे हैं।
इस समय पूरा परिवार भाजपा मे है। राजमाता सिंधिया जनसंघ में चली गई थी। ग्वालियर का राज महल जनसंघ की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था। माधवराव सिंधिया के कांग्रेस में चले जाने के बाद इसे राजनीतिक विवाद से भी जोडा जाता था। अब ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए हैं। जिस तरह की राजनीतिक स्थिति देश में देखने को मिल रही है। उसके बाद परिवार को यह समझ में आ गया है। इस विवाद को समाप्त करने और फिर से एक हो जाने में ही फायदा है। लगता है, अब यह मामला जल्द सुलझ जाएगा।





