●खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुश्री अंजना रानी मिंज के नेतृत्व में चला विशेष जांच अभियान
●कई प्रमुख मिठाई दुकानों से खोवा, रसगुल्ला एवं पनीर का सैंपल लैब भेजा गया
संवाददाता
दुमका । आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व–त्योहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए 18 सितंबर को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुश्री अंजना रानी मिंज के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान गिलानपारा स्थित मोनिका स्वीट्स के मिठाई कारखाना, दुधानी स्थित खुशबू जलपान मिठाई दुकान, दिलीप सेन नाश्ता एवं मिठाई दुकान तथा अग्रसेन भवन रोड स्थित सियाराम सॉल्ट दुकान की जांच की गई। इस दौरान खोवा, रसगुल्ला एवं पनीर का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही मौके पर फ्राइंग ऑयल मॉनिटर से इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल की जांच की गई, जो मानक के अनुरूप पाया गया। पकौड़ी एवं चोप में औद्योगिक रंग का प्रयोग भी नहीं पाया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कारोबारियों को सख्त निर्देश दिया कि त्योहारों के समय प्रतिष्ठान की नियमित साफ–सफाई सुनिश्चित करें तथा खाद्य सामग्री को अखबारी कागज या प्रिंटेड पेपर में ढक कर बिक्री न करें।उन्होंने बताया कि जिले में मिलावट रोकथाम हेतु निरंतर जांच एवं छापामारी अभियान जारी रहेगा।




