देवघर संताल एक्सप्रेस:-देवघर जिले के मधुपुर प्रखंड के कजरा गांव निवासी और भारतीय सेना के अग्निवीर,नीरज कुमार चौधरी, जम्मू-कश्मीर के लद्दाख (सियाचिन) में हिमस्खलन के दौरान देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर जब मधुपुर स्थित पैतृक गांव पहुँचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग स्वयं कजरा गांव पहुँचे और शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उपायुक्त ने ईश्वर से वीर शहीद की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। गाँव और आस-पास के क्षेत्रों के लोग हाथों में तिरंगा लिए नम आँखों से “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों के बीच घाट तक पहुंचे। तिरंगे में लिपटे वीर जवान के सम्मान में सैन्य बलों द्वारा शोक परेड आयोजित की गई। पूरा मधुपुर क्षेत्र वीर सपूत के बलिदान पर गर्व और शोक से सराबोर रहा।



