जम्मू । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा लगातार 16वें दिन भी स्थगित रही, जबकि जम्मू क्षेत्र में मौसम की स्थिति में सुधार हुआ है। कटरा बेल्ट की त्रिकुटा पहाड़ियों में अधकुवारी में 26 अगस्त को बादल फटने से हुए भूस्खलन में 34 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी और 20 घायल हो गए थे। यात्रा उसी दिन से स्थगित कर दी गई थी। अब उम्मीद जताई जा रही है कि तीर्थयात्रा के फिर से शुरू होने की घोषणा शनिवार या रविवार को हो सकती है, क्योंकि गुफा मंदिर के रास्ते पर मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा स्थगित की गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा को फिर से शुरू करने का फैसला उचित समय पर लिया जाएगा।






