रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान के बाद रांची पुलिस ने बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में मां-बेटी के साथ छेडख़ानी और मारपीट करने के मुख्य आरोपी जहीर शेख को गिरफ्तार कर लिया है । यह मामला तब सामने आया जब स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर इसकी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की गई थी । दरअसल बीते दिनों रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में रहने वाले एक हो जनजाति परिवार के घर में घुसकर कुछ लोगों ने एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का प्रयास किया।

जब मां-बेटी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। पीडि़त परिवार ने इस घटना की सूचना तुरंत बीआईटी पुलिस को दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखाई और न ही कोई कार्रवाई की। न्याय की आस में, पीडि़त परिवार ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को इस घटना की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने इस पर तुरंत संज्ञान लिया और रांची पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने घायल मां-बेटी को बेहतर इलाज मुहैया कराने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद, रांची ने मुख्य आरोपी जहीर शेख को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।



