पुलिस ने पांच नाबालिगों को पकड़ा, मदरसे ने पांच के नाम का काटे
नयागढ़ । ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक मदरसे में नाबालिग छात्र की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक छात्र का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर उसके ही सीनियर ने उसकी हत्या कर दी। इस मामले पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पीड़ित छात्र कटक जिले का रहने वाला था और नीलमणि में एक मदरसे में पढ़ता था। उसके पिता की शिकायत के मुताबिक उसकी हत्या बाथरूम के अंदर की गई और उसके शव को एक सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्र को एक सीनियर छात्र बार-बार प्रताड़ित करता था। 31 अगस्त को दोपहर 1 बजे के करीब, दो छात्रों ने उसका यौन शोषण करने के बाद उस पर हमला किया और उसे मृत मानकर सेप्टिक टैंक में फेंक दिया। बच्चा उस रात तो भागने में कामयाब रहा, लेकिन 2 सितंबर को उसे बचाने के बहाने दो छात्रों ने फिर उसी जगह पर बुलाया। तीन अन्य छात्रों के साथ मिलकर उन्होंने कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को टैंक में फेंक दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए और गवाहों के बयानों ने आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि की। 12 से 15 साल की उम्र के सभी पांचों नाबालिगों पर यौन अपराध का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया है। मदरसे ने उनके नाम अपने रिकॉर्ड से हटा दिए हैं और उनके जन्म प्रमाण पत्र जब्त कर लिए हैं। आगे की कार्यवाही के लिए यह मामला किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष रखा गया है।






