जम्मू । राजौरी से सटे पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हो रही है। सेना ने सोमवार सुबह पुंछ के बालाकोट सेक्टर में एलओसी पर संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया और उसे चुनौती दी, जिसके बाद से गोलीबारी जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक सेना के जवानों ने बाड़ के आगे डब्बी इलाके में जीरो लाइन के पास संदिग्ध घुसपैठियों को देखा और गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि संदिग्ध समूह ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। सूत्रों ने बताया कि सेना के जवानों का अभियान जारी है और घुसपैठ की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है।






