रांची । रांची सीबीआई की विशेष कोर्ट ने पूर्व मंत्री एनोस एक्का उनकी पत्नी मेनन एक्का को सात साल सश्रम कारावास की सजा सुनायी है। नहीं इस केस में रांची के पूर्व एलआरडीसी कार्तिक प्रभात को चार साल सश्रम कारावास की सजा हुई है। जबकि इस केस के अन्य दोषियों को भी सजा सुनायी गयी है। इसके साथ ही कोर्ट ने दोषियों पर एक एक लाख का जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि अगर दोषी जुर्माना की राशि जमा नहीं करते हैं तो उन्हें एक एक वर्ष अतिरिक्त सजा काटनी होगी।सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन की खरीद बिक्री के 15 साल पुराने मामले में रांची सीबीआई की विशेष कोर्ट ने पूर्व मंत्री एनोस एक्का उनकी पत्नी मेनन एक्का, रांची के तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात समेत अन्य को शुक्रवार को दोषी करार दिया था। शनिवार को सभी दोषियों की सजा की बिंदु पर सुनवाई हुई। सभी दोषियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीबीआई कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।सीबीआई की ओर से विशेष लोक अभियोजक प्रियांशु सिंह ने इस केस का ट्रायल कराया।एनोस एक्का पर मंत्री रहते हुए पद का दुरुपयोग कर फर्जी पता का इस्तेमाल कर आदिवासी जमीन की खरीद बिक्री करने का आरोप था और तत्कालीन एलआरडीसी कार्तिक कुमार प्रभात ने उनकी मदद की थी।
प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर जमीन की खरीदारी की गई थी।एनोस एक्का की पत्नी मेनन एक्का के नाम से हिनू में 22 कट्ठा, ओरमांझी में 12 एकड़, नेवरी में 4 एकड़, चुटिया के सिरम टोली मौजा में 9 डिसमिल जमीन खरीदी गई थी।सभी जमीन की खरीदारी मार्च 2006 से मई 2008 के बीच की गई थी।सीबीआई द्वारा लगाए गए सभी आरोप कोर्ट में सिद्ध हो गए जिसके बाद आरोपियों को दोषी करार दिया गया।इससे पहले एनोस एक्का पारा टीचर हत्याकांड, मनी लॉन्ड्रिंग केस और आय से अधिक मामले में दोषी करार दिए जा चुके हैं।यह चौथा ऐसा मामला है, जिसमें उन्हें दोषी करार दिया गया है।
कर्मवीर सिंह/30अगस्त/25




