सवाई भोज मंदिर दर्शन कर लौट रहा था परिवार
चित्तौड़गढ़ । राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलने के कारण एक परिवार की वैन बनास नदी की टूटी पुलिया में जा गिरी और तेज बहाव में बह गई। हादसे में चार साल की बच्ची और दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक छह साल की बच्ची अब भी लापता है। वहीं, परिवार के पांच लोग वैन की छत पर चढ़कर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जानकारी अनुसार हादसा कपासन के राशमी थाना क्षेत्र के सोमी-उपरेड़ा पुलिया पर रात करीब एक बजे हुआ। पुलिस और प्रशासन के मुताबिक, वैन में भूपालसागर थाने के कानाखेड़ा गांव का एक ही परिवार सवार था। परिवार भीलवाड़ा जिले के सवाई भोज मंदिर दर्शन कर लौट रहा था। रास्ता भटकने के बाद वे सोमी गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें चेतावनी दी कि मातृकुंडिया का गेट खुला है और बनास नदी में पानी का बहाव तेज है। लेकिन ड्राइवर ने ग्रामीणों की बात नजरअंदाज कर गूगल मैप के बताए रास्ते पर गाड़ी आगे बढ़ा दी। यह रास्ता तीन साल से बंद पड़ी पुलिया पर जाता था। जैसे ही वैन पुलिया पर पहुंची, पानी के तेज बहाव में फंस गई और लगभग 300 मीटर दूर तक बह गई। ड्राइवर मदनलाल ने खिड़की का कांच तोड़कर किसी तरह छत पर चढ़ गया और फिर एक-एक कर पांच लोगों को ऊपर खींच लिया। लेकिन इसी दौरान गाड़ी और गहराई में बह गई, जिसमें दो महिलाएं और दो बच्चियां फंस गईं।
बचाव कार्य अंधेरे की वजह से तुरंत शुरू नहीं हो सका। बुधवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने चार साल की खुशी (पुत्री मदन) और दो महिलाओं—चंदा (21) पत्नी हेमराज व ममता (25) पत्नी मदन—के शव बरामद किए। जबकि छह साल की रूत्वी पुत्री हेमराज की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में मातम पसरा है। कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।






