नई दिल्ली । 11 दिनों तक दिल्ली में चली हड़ताल के बाद सरकारी अस्पतालों में इलाज शुरू हुआ। इस दौरान स्थिति में सुधार देखा गया। सिर्फ एम्स में लगभग शुक्रवार को 12 हजार मरीजों का इलाज केवल ओपीडी में हुआ। यह संख्या एक दिन पहले तक केवल 5590 ही थी। वहीं, आरएमएल अस्पताल में भी शुक्रवार को इलाज सामान्य हो गई। दिल्ली सरकार के एलएनजेपी अस्पताल में भी इलाज में सुधार हुआ। हालांकि आम दिनों की तुलना में यहां ओपीडी में कम मरीज पहुंचे।
एम्स में शुक्रवार को ओपीडी में 11,948 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हुआ। 877 मरीज भर्ती किए गए और 655 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई। वहीं, 212 मरीजों ने इमरजेंसी में विजिट किया। इस दौरान 11,747 सैंपल जांच के लिए लिए गए और रेडियोलॉजी जांच के लिए 2,098 मरीजों को डेट दी गई है। एम्स की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. निरुपमा मादान ने कहा कि स्थिति नॉर्मल हो गई है। ओपीडी से लेकर ऑपरेशन थियेटर तक अपनी क्षमता के अनुसार चल रहे हैं। सभी ऑपरेशन थियेटर में सर्जरी की गईं।
वहीं, एलएनजेपी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि औसतन अस्पताल में रोजाना 6 हजार मरीज ओपीडी में आते हैं। स्ट्राइक के दौरान यह संख्या डेढ़ से दो हजार के बीच रह गई थी। लेकिन स्ट्राइक खत्म होते ही शुक्रवार को 4700 मरीज ओपीडी में पहुंचे। कुल 67 सर्जरी की गईं। इनमें से 29 मेजर सर्जरी की गईं। उन्होंने कहा कि स्ट्राइक के दौरान रोजाना केवल चार से पांच सर्जरी ही हो पा रही थीं। उन्होंने कहा कि स्ट्राइक के बाद अब सारे रेजिडेंट डॉक्टर्स काम पर लौट आए हैं। शुक्रवार को 24 डिलिवरी की गईं, जिनमें से 8 सिजेरियन भी हैं। उन्होंने कहा कि बाकी सुविधा नॉर्मल हो चुकी है।




