स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के निदेशकों के ठिकानों पर छापे, अहम दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त
मुंबई । 80 करोड़ 15 लाख रुपये के कथित बैंक घोटाले के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को सीबीआई की टीम ने मुंबई और राजस्थान के उदयपुर में स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के निदेशकों से जुड़े छह ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जांच एजेंसी के हाथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री लगी है, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। यह मामला नेशनल हाउसिंग बैंक की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत में स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, कंपनी के निदेशकों और कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सीबीआई ने इस मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, लेखा अभिलेखों में हेराफेरी और भ्रष्ट आचरण से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

सीबीआई के मुताबिक, कंपनी पर आरोप है कि उसने ऐसे ऋणों का वितरण दिखाया, जिनका वास्तव में कोई अस्तित्व ही नहीं था। कथित तौर पर फर्जी ऋणों के नाम पर वित्तीय लेन-देन दिखाकर धनराशि का दुरुपयोग और हेराफेरी की गई। इस पूरे कथित घोटाले के कारण नेशनल हाउसिंग बैंक को 80.15 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने की बात शिकायत में कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने बुधवार को मुंबई और उदयपुर में एक साथ छह स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को अपने कब्जे में लिया। इन दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है। इस मामले में कंपनी के जिन निदेशकों के नाम सामने आए हैं, उनमें कविष जैन, अभयकुमार जिलेदार पाल, श्वेता दिलीप मेहता और योगेश नारायणभाई लिम्बाचिया शामिल हैं। फिलहाल सीबीआई मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी ऋणों के जरिए कितनी राशि का लेन-देन किया गया, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और क्या इस पूरे मामले में किसी सरकारी अधिकारी की भी संलिप्तता थी। छापेमारी में मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



