नई दिल्ली । भागदौड़ भरी जिंदगी और अनियमित खानपान से पाचन संबंधी समस्याएं और तनाव आम हो गए हैं। इस वजह से लोगों का स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ऐसे में वज्रासन इन समस्याओं से निजात पाने का एक स्वाभाविक और सहज उपाय है, जिसके अभ्यास से न केवल पाचन तंत्र को सहारा मिलता है बल्कि रीढ़ की हड्डी को भी आराम मिलता है।
वज्रासन एक ऐसा योगासन है, जो सरल और प्रभावी माना जाता है। इसकी खास बात ये है कि इसे करने के लिए किसी विशेष जगह या ज्यादा समय की जरूरत नहीं होती। वज्र शब्द दृढ़ता और ऊर्जा का प्रतीक है और यह आसन शरीर में स्थिरता, संतुलन तथा पाचन तंत्र को मज़बूत बनाने में सहायक माना जाता है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे भोजन के तुरंत बाद भी किया जा सकता है, जिससे यह अन्य कई आसनों से अलग पहचान रखता है और पाचन में तत्काल सहायता प्रदान करता है। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय ने इसे एक सरल और प्रभावी योगासन बताया है, जो घर पर भी आसानी से किया जा सकता है। वज्रासन पाचन तंत्र को मजबूत करता है, जांघों और पिंडलियों को मजबूत करता है और मानसिक शांति दिलाता है, जिससे शरीर और मन दोनों को लाभ होता है। यह एकमात्र ऐसा योगासन है, जिसे भोजन के तुरंत बाद किया जा सकता है, जो पेट की समस्याओं जैसे कब्ज और एसिडिटी को दूर करने में विशेष रूप से सहायक होता है, क्योंकि यह पेट के रक्त प्रवाह को बेहतर बनाता है।
हठयोग और पारंपरिक योग अभ्यास में वज्रासन को स्थिरता और एकाग्रता बढ़ाने वाले प्रमुख आसनों में गिना जाता है। घुटनों और पिंडलियों के सहारे सीधी मुद्रा में बैठकर किया जाने वाला यह आसन तन और मन को शांत रखने की सरल प्रक्रिया प्रस्तुत करता है। जब हम वज्रासन में बैठते हैं, तो हमारी रीढ़ की हड्डी सीधी रहती है और शरीर एक ही स्थिति में स्थिर हो जाता है। इस स्थिरता के कारण मन इधर-उधर भटकना बंद कर देता है और एक जगह टिकने लगता है, जिससे ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलती है। कम स्थान और बिना किसी अतिरिक्त उपकरण के होने वाला यह अभ्यास शुरुआती साधकों के लिए भी उतना ही सुलभ है जितना नियमित अभ्यासकर्ताओं के लिए।




