परेश ने फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ करने से किया इनकार, क्या बंद होगी शूटिंग
मुंबई । फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने सह-कलाकार परेश रावल को लीगल नोटिस भेजा है और 25 करोड़ रुपए की भरपाई की मांग की है। इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी थी और फैंस लंबे समय से बाबू भैया के किरदार की वापसी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन परेश रावल के फिल्म छोड़ने से पूरी यूनिट बिखर गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक परेश रावल ने इस फिल्म के लिए बाकायदा अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे। उन्हें एडवांस फीस भी दी गई थी और उन्होंने शूटिंग भी शुरु की थी। लेकिन अब उन्होंने अचानक यह फिल्म छोड़ने का फैसला कर लिया, जिससे निर्माताओं को करोड़ों रुपए का नुकसान झेलना पड़ा है। फिल्म से जुड़े सूत्र ने बताया कि परेश रावल का यह कदम गैर-पेशेवर है, क्योंकि यदि उन्हें फिल्म नहीं करनी थी तो पहले ही मना करना था। इस विवाद की वजह से मामला अब कोर्ट में पहुंच गया है। अक्षय कुमार, जो फिल्म के निर्माता भी हैं, इस फैसले से नाराज हैं। अब यह देखना है कि क्या मेकर्स परेश रावल को मनाने में कामयाब होंगे या उनकी जगह किसी और अभिनेता को लाएंगे या फिर फिल्म ही ठंडे बस्ते में चली जाएगी।
परेश रावल ने स्वीकार किया है कि उन्होंने ‘हेरा फेरी 3’ से किनारा कर लिया है। उन्होंने अपने फैसले की कोई ठोस वजह नहीं बताई है और न तो उन्होंने पैसे की बात की और न ही किसी रचनात्मक मतभेद का हवाला दिया है। बस उन्होंने कहा कि “अब मन नहीं है।” उनकी इस प्रतिक्रिया ने फैंस और फिल्म यूनिट दोनों को हैरानी में डाल दिया है। अब कानूनी लड़ाई के साथ इस चर्चित फिल्म की भविष्य की दिशा भी अधर में लटक गई है।


