मुंबई । केंद्रीय चुनाव आयोग ने कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी. पांच साल पहले हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एक साथ हुए थे. लेकिन इस साल महाराष्ट्र में बारिश और त्योहारों के चलते चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा था कि चुनाव दिवाली के बाद होंगे. इस बीच सूत्रों की मानें तो ये चुनाव दिवाली के बाद नहीं बल्कि दिसंबर महीने में होंगे. राज्य में राष्ट्रपति शासन के तहत दिसंबर में चुनाव होने की संभावना है.
– मेरी लाडली बहन योजना पर नजर
कहा तो ये भी जा रहा है कि राज्य में मेरी लाडली बहन योजना के कारण चुनाव टाले जा रहे हैं। दरअसल मध्य प्रदेश की तरह महाराष्ट्र में भी मेरी लाडली बहन योजना शुरू की गई. उक्त योजना में पात्र महिलाओं को जुलाई माह से 1500 रूपये दिये जा रहे हैं। योजना की संयुक्त दो किस्तें कुछ दिन पहले महिलाओं के खाते में जमा की गई थीं। विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं को दिया जाएगा। साथ ही योजना की दो-तीन किश्तें और जमा होने के बाद चुनावी माहौल बनेगा। इस योजना के लिए लाखों महिलाओं ने आवेदन किया है। लेकिन कई आवेदन में त्रुटियां मिलीं। उन त्रुटियों को दूर कर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम करना होगा. इस प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए चुनाव दिसंबर माह में होने की बात कही जा रही है.
– 26 नवंबर को खत्म होगा विधानसभा का कार्यकाल
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद छह महीने के भीतर चुनाव हो सकते हैं. इसलिए उन्होंने राज्य में राष्ट्रपति शासन का संकेत दिया. राज्य विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। उसके बाद राष्ट्रपति शासन लगेगा. राजीव कुमार ने कहा था कि इसके बाद मतदान और गिनती की प्रक्रिया कुछ हफ्तों में पूरी कर ली जाएगी. राष्ट्रपति शासन लगाने में कुछ भी गलत नहीं है.
– महायुति में श्रेय लेने की होड़
रक्षाबंधन के मौके पर भाजपा महायुति में शामिल तीनों दलों के बीच मेरी लाडली बहन योजना का श्रेय लेने की होड़ मच गई है. राज्य के विभिन्न शहरों और ग्रामीण इलाकों में महायुति में शामिल तीनों दलों के पदाधिकारियों द्वारा बैनर लगाकर अपने-अपने नेता को श्रेय दिलाने की होड़ मची है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, अजित पवार के विभिन्न कार्यक्रम रखे गये हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


