कोटा । छात्रों का गढ़ कहे जाने वाले कोटा में 6 बच्चे आत्महत्या कर चुके हैं। इनमें से 5 स्टूडेंट्स कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहे थे। वहीं एक छात्रा यहां नीट की तैयारी के लिए आई थी। सुसाइड के इन सभी 6 मामलों में सुसाइड फांसी लगाकर की गई है। इनमें 19 साल के नीरज जाट ने जिस पंखे से फांसी लगाई उसमें एंटी-हैंगिंग डिवाइस भी लगा हुआ था लेकिन फिर भी नीरज की जान नहीं बच सकी। पुलिस का कहना है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि नीरज ने पंखे के कुंडे से फांसी लगाई थी।

कोटा में कोचिंग छात्रों के सुसाइड को रोकने के लिए कानून ला रही भजनलाल सरकार
जयपुर । राजस्थान की कोचिंग नगरी कोटा में कोचिंग छात्रों के सुसाइड को रोकने के लिए भजनलाल सरकार कानून लाने जा रही है। इसके लिए भजनलाल सरकार 31 जनवरी से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में आत्महत्या रोकने के संबंध में विधेयक लाएगी। यह जानकारी भजनलाल सरकार की ओर से हाईकोर्ट में दी गई। भजनलाल सरकार के जवाब को रिकॉर्ड पर लेकर हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई 10 फरवरी को तय की है। जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस वीके भारवानी की खंडपीठ ने आदेश कोचिंग स्टूडेंट की ओर से आए दिन आत्महत्या की घटनाओं पर लिए गए स्वप्रेरित प्रसंज्ञान पर दिया। सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद ने हाईकोर्ट को बताया कि भजनलाल सरकार कोचिंग सेंटर्स के संचालन के लिए कानून ला रही है। इसके लिए सभी बिंदुओं पर काम हो रहा हैं। संभावना है कि आगामी विधानसभा सत्र में यह बिल पेश कर दिया जाएगा। दरअसल पिछली सुनवाई में राजस्थान सरकार की ओर से हाईकोर्ट में 33 जिलों में संचालित कोचिंग सेंटर्स की लिस्ट भी पेश की गई थी। इस पर हाईकोर्ट ने शर्मा सरकार से पूछा है कि क्यों न कानून बनने तक कोचिंग सेंटर्स के रजिस्ट्रेशन से संबंधित केंद्र सरकार की गाइडलाइन को लागू किया जाए? इस पर कोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा था। कोटा में कोचिंग स्टूडेंट्स में बढ़ती सुसाइड की घटनाओं के बीच हाईकोर्ट ने करीब 9 साल पहले स्वप्रेरित प्रसंज्ञान लेकर याचिका दर्ज की थी। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि वह कोचिंग स्टूडेंट्स में आत्महत्याओं की घटनाओं को रोकने के लिए क्या प्रयास कर रही है। इस पर सरकार की ओर से कहा गया कि हम इस संबंध में विधेयक ला रहे हैं।





