ठिठुरन भरी ठंड में शिक्षकेतर कर्मचारियों का हड़ताल एवं तालाबंदी जारी
कहा: बाह्य स्रोत पर नियुक्त सुरक्षा कर्मियों को प्रतिमाह आंतरिक स्रोत से लाखों का भुगतान क्यों, जांच होनी चाहिए
यक्ष प्रश्न आंतरिक स्रोत से लाखों करोड़ों के भुगतान का आदेश कुलपति को राजभवन से प्राप्त, लेकिन शिक्षकेतर कर्मचारियों के भुगतान पर चुप्पी: परिमल कुंदन
दुमका ब्यूरो

दुमका। मांगें जायज पर देंगे नहीं पिछले एक महीने से ज्यादा समय से सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारियों के चल रहे हड़ताल एवं तालाबंदी कार्यक्रम का सबसे मजेदार और हास्यास्पद पक्ष है प्रभारी कुलपति का यह बयान कि “कर्मचारियों की मांग जायज किंतु दे नहीं सकते।” उक्त बातें महासंघ के महासचिव नेतलाल मिर्धा ने कही, आगे उन्होंने कहा कि आंतरिक स्रोत से लाखों करोड़ों के भुगतान का आदेश वर्तमान कुलपति को राजभवन से प्राप्त हो जाता है किन्तु जब हम नियमित कर्मचारियों के वेतन भुगतान की बात होती है तो राजभवन से आदेश नहीं मिलता। इससे साफ जाहिर है कि जिस भुगतान में व्यक्तिगत फायदे की संभावना होती है तो राजभवन से आदेश प्राप्त हो जाता है और जब कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर आदेश नहीं दिया जाता क्योंकि वेतन भुगतान से सिर्फ कर्मचारी ही लाभान्वित होंगे, पदाधिकारी नहीं। नेतलाल मिर्धा ने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए कि क्यों वेतन भुगतान के मामले में राजभवन मौन है? बाह्य स्रोत पर नियुक्त सुरक्षा कर्मियों को प्रतिमाह आंतरिक स्रोत से लाखों का भुगतान किया जा सकता है किन्तु हम कर्मचारियों को देने के लिए कुलपति को पावर नहीं है।
महासंघ के अध्यक्ष परिमल कुंदन ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से प्रतिमाह आंतरिक श्रोत से हमें एसीपी, एमएसीपी का भुगतान किया जा रहा था जिसे विश्वविद्यालय द्वारा उसे काट लिया गया किंतु उसी आंतरिक स्रोत से हमें सातवें वेतन देने पर विश्वविद्यालय प्रशासन राजी नहीं है। महासचिव नेतलाल मिर्धा ने कहा कि इस बार कर्मचारी आर पार की लडाई के लिए तैयार हैं। “हुल दिवस तक हम दरी पर बैठने के लिए संकल्पित है अभी तो एक माह ही हुआ है।” हमारी मांग जायज है और हम इसे लेकर रहेंग।



