शिक्षकेतर कर्मी के हड़ताल से छात्र परेशान, विश्वविद्यालय प्रशासन चला रहा है हठयोग: श्री नेतलाल मिर्धा
विश्वविद्यालय में पिछले एक महीने से अधिक समय से तालाबंदी, सरकार उदासीन: परिमल कुंदन
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका एवं अंतर्गत सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षकेतर कर्मियों की हड़ताल अब तक जारी है कर्मचारी अपनी एक सूत्री मांग पर डटे हुए हैं। विश्वविद्यालय मुख्यालय कार्यालय सहित सभी अंगीभूत महाविद्यालयों में अनिश्चितकालीन तालाबंदी है सभी कार्य पूरी तरह से ठप हैं। कर्मचारियों को दो माह से वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया है जबकि पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को भुगतान कर दिया गया है। ठंड एवं शीतलहर की परवाह किए बिना सभी कर्मचारी दरी पर बैठे हुए हैं। अपने नियमित कर्मचारियों के मांग को पूरी करने में विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह से विफल रही है। महासंघ के महासचिव श्री मिर्धा ने कहा कि एक माह से ज्यादा हो गए हमारे हड़ताल के किंतु इस विश्वविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मियों को 01.01.2016 से प्रभावी सातवें पुनरीक्षित वेतनमान में अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया जाना विश्वविद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही है। 150 से ज्यादा कर्मचारियों का पांचवें एवं छठे वेतनमान में वेतन निर्धारण का नहीं होना भी विश्वविद्यालय प्रशासन की विफलता है। श्री मिर्धा ने कहा कि वर्तमान कुलपति ने साबित कर दिया है कि यहां के शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं छात्रों के भविष्य से उन्हें कोई लेना देना नहीं है। वर्तमान कुलपति अपने स्वार्थ की पूर्ति हेतु सभी कार्य पूरी कर लेते हैं एवं जब हमारी बात होती है तो पावर नहीं है का हवाला देते हैं यह बहुत ही आश्चर्यजनक और दुखद है।
प्रक्षेत्रीय महासंघ के अध्यक्ष परिमल कुंदन ने आश्चर्य जाहिर करते हुए कहा कि पूरे संताल परगना के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों में एवं विश्वविद्यालय में पिछले एक महीने से अधिक समय से तालाबंदी है किन्तु ना तो राज्यपाल सचिवालय और ना ही उच्च शिक्षा निदेशालय इस मुद्दे पर सक्रिय है। ना तो हमारे वेतन का निर्धारण किया जा रहा है और न ही हमें आंतरिक स्रोत से सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल करने पर महीनों बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यदि हड़ताल नहीं होता तो शायद हमें छठे वेतन में ही सेवानिवृत होना पड़ेगा। उन्होने कहा कि एक माह से ज्यादा समय से जायज मांग के लिए हड़ताल का जारी रहने के लिए राज्य सरकार, राज्यपाल सचिवालय एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता ही पूरी तरह से जिम्मेदार है।
महासचिव नेतलाल मिर्धा ने सातवें वेतनमान में वेतन निर्धारण में विलंब के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय के उपनिदेशक अनमोल लाल को दोषी ठहराया और उन्हें तत्काल पद से हटाने की मंशा जाहिर की।




