रानीश्वर(दुमका) | दुमका जिला में विभिन्न विभागों द्वारा लगातार मनमाने ढंग से कार्य कराने का मामला सामने आ रहा है| ताजा मामला पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल दुमका का है| रानीश्वर प्रखंड के आमजोड़ा – सिउड़ी मुख्य पथ पर पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता हैं| ऐतिहासिक पर्यटन स्थल दिगुली के संथाल काटा पोखर का दर्शन करने दूर दूर से लोग आते हैं। पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल दुमका के इस पथ में फ्लैंक में मिट्टी भरने का कार्य मनमाने रूप से कराया जा रहा हैं। नियमानुसार फ्लैंक में मोरम भरने के बदले सड़क के किनारे का दलदल किस्म का मिट्टी भरा जा रहा है। दिगुली गांव के बलाई माल ने बताया हैं कि यहां फ्लैंक में मोरम की जगह दलदली मिट्टी भरी जा रही है, जिसपर अभियंताओ ने चुप्पी साध ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पथ निर्माण विभाग के अभियंता की अनुपस्थिति में संवेदक द्वारा गुणवत्ता को ताक पर रखकर कार्य किया जा रहा है| बताते चलें कि पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल दुमका द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है और इसे छुपाने के लिए रात के अंधेरे में कार्य किया जा रहा है|




