रामगढ़(दुमका)। थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर के समीप से रामगढ़ थाना की गश्ती टीम ने बीते बुधवार की रात अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है| सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शराब लदी जुगाड़ गाड़ी को खदेड़कर पकड़ा गया है| ये कार्यवाही पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी। मिली जानकारी के अनुसार एक जुगाड़ गाड़ी से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब ले जायी जा रही थी| सूचना के सत्यापन व कारवाई हेतु रामगढ़ थाना की गश्ती टीम के द्वारा दुमका हंसडीहा मुख्य मार्ग पर अमरपुर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया| अभियान के दौरान रात के करीब पौने 12:00 बजे दुमका की ओर से आ रही एक काले रंग की जुगाड़ गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने गाड़ी को और तेजी से भागने की कोशिश की| पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गाड़ी का पीछा किया और ग्राम सारंगपानी में गाड़ी को रोका गया|
हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर शराब तस्कर और चालक वाहन को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई तो पुआल के नीचे पुलिस को मैकडॉनल्ड्स नंबर वन कंपनी के 375 मिली वाली 135 बोतल शराब चार सब्जी रखने वाले कैरेट में मिली। अंग्रेजी शराब व जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर रामगढ़ पुलिस द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।




